अखनूर। कस्बे के सुंगल मोड़ पर सौ बेड वाले अस्पताल की निर्माणाधीन बिल्डिंग का काम आठ साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि अस्पताल की बिल्डिंग जल्द से जल्द तैयार की जाए। ताकि उसका लाभ मिल सके।
जानकारी के अनुसार कस्बे के सुंगल मोड़ पर 2012 में पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा ने 29 करोड़ की लागत से बनने वाले अस्पताल का नींव पत्थर रखा था। मगर आठ साल बीत जाने के बावजूद अस्पताल की बिल्डिंग तैयार नहीं हो पाई है। मेडिकल सुविधाओं से लैस नहीं होने के कारण अस्पताल का कार्य बीच में ही रूका है।
रामेश कुमार ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए अस्पताल का काम आठ साल पहले शुरू किया गया था। मगर अभी तक बिल्डिंग तैयार नहीं हुई। उन्होंने बताया कि अस्पताल समय से बन जाता, तो महामारी के समय लोग इसका लाभ ले सकते थे।
राजेंद्र शर्मा ने बताया कि अस्पताल का काम समय पर पूरा न होने के चलते लोगों को उपचार के लिए जम्मू जाना पड़ रहा है। एसडीएम चांद किशोर शर्मा ने कहा कि जल्द ही फंड उपलब्ध करा कर बिल्डिंग के काम को पूरा किया जाएगा।