रियासी। नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उक्त युवक पहले से ही शादीशुदा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पुलिस स्टेशन रियासी में 28 दिसंबर 2021 को एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी 14 वर्षीय बेटी बाजार से दूध और अन्य सामान लेने गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चल पाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान नाबालिग की फोटो को बाजार के दुकानदारों को दिखाया गया। वहीं, उसके रिश्तेदारों व आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। बाद में पुलिस को नाबालिग के पुंछ में होने की सूचना मिली। रियासी से पुलिस पुंछ के लिए रवाना हुई। पुख्ता सूचना पर पुलिस ने शकील उर्फ सोनू निवासी वार्ड 10, पुंछ के घर में दबिश दी। इस दौरान घर से नाबालिग को बरामद किया गया। हालांकि, मौके से शकील फरार हो गया।
पुलिस नाबालिग को रियासी लाई। बाद में पुलिस जम्मू के बेलीचराना क्षेत्र में पहुंची, जहां से शकील को गिरफ्तार किया गया। नाबालिग से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसकी चिकित्सा जांच करवाई। आरोपी पर आईपीसी की धारा 376 के साथ ही चार पॉक्सो एक्ट लगाकर उसे हिरासत में रखा गया है। आरोपी ने पौनी क्षेत्र में एक शादी पहले से ही की हुई है।