जम्मू। रिलायंस स्मार्ट स्टोर के विरोध में बुधवार को पीडीपी कार्यकर्ताओं ने भी गांधीनगर में अपने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उपाध्यक्ष हमीद चौधरी, महासचिव अमरीक सिंह रीन के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि यह पार्टी जम्मू के लोगों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। महाराजा हरि सिंह के शासनकाल में हुए शानदार कार्यों पर पानी फेरने का काम हो रहा है। पीडीपी इसका कड़ा विरोध करेगी। मौके पर पूर्व एमएलसी मोहम्मद रशीद कुरैशी, महिला इकाई की अध्यक्ष सुरजीत कौर, बलवीर सिंह, परवेज वफा आदि मौजूद रहे।
उधर, शिवसेना डोगरा फ्रंट ने भी रिलायंस स्मार्ट स्टोर खोलने के विरोध में परेड चौक पर प्रदर्शन कर रैली निकाली। अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि स्टोर खुलने से रिटेल कारोबार प्रभावित होगा। कारोबारियों की आजीविका पर असर पड़ेगा। 2008 में जब जम्मू ने अमरनाथ यात्रा की जमीन के लिए लड़ाई लड़ी थी तो वह इसी चौक से शुरू हुई थी, इसलिए अगर स्टोर खुलते हैं और सरकार सुनवाई नहीं करती है तो यहीं से लड़ाई शुरू की जाएगी। इस मौके पर अभिषेक, सुशील, लवली, कालू, प्रेम, नरेश आदि मौजूद रहे।
-------
सौ स्टोर खोलने की बात सच नहीं : रिलायंस
रिलायंस रिटेल के प्रवक्ता केे अनुसार हमने जम्मू में कोई स्टोर नहीं खोला है। हमारे द्वारा 100 स्टोर खोले जाने की बात सच्चाई पर आधारित नहीं है। जम्मू-कश्मीर में हमारे कुछ डिलीवरी प्वाइंट हैं। ये हमारे वितरण भागीदारों द्वारा यहां के छोटे व्यापारियों का समर्थन करने के लिए स्थापित किए गए हैं। रिलायंस का छोटे व्यापारियों को समर्थन देने का लंबा ट्रैक रिकार्ड है। हम छोटे व्यापारियों के साथ साझेदारी करने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम हैं।