श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पीपुल्स नेशनलिस्ट फ्रंट (जेकेपीएनएफ) ने घाटी में हुई नागरिकों की हत्याओं के खिलाफ मंगलवार को श्रीनगर की प्रेस कॉलोनी में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इन हत्याओं से आम कश्मीरी बदनाम हो रहा है। इतनी ही नहीं इससे बाहरी राज्यों से आए लोग खतरे में आ रहे हैं, इसलिए समाज के हर वर्ग को इसके खिलाफ कड़ी आवाज उठानी होगी।
जेकेपीएनएफ अध्यक्ष शेख मुजफ्फर ने कहा कि जिस तरह का कश्मीर हम लोगों ने देखा, बो हमारा नसीब था, लेकिन आने वाली नस्लों के लिए हम एक बेहतर और पुरअमन कश्मीर बनाना चाहते हैं। उसके लिए संघर्ष जारी रहेगा। कहा कि हम भी एक आम शहरी हैं और यह पैगाम देना चाहते हैं कि जो आजकल बेगुनाह लोगों की हत्याएं की जा रही हैं, चाहे वो हिंदू हों, सिख हों या मुसलमान यह सिलसिला 32 वर्षों से यहां चल रहा है। शेख ने कहा कि अगर हमारी कौम उस दिन इसके खिलाफ प्रदर्शन करती जब पहली हत्या हुई थी तो शायद आज यह दिन नहीं देखने पड़ते। कहा कि अब हद हो गई है, आतंकी यहां के अमन को बिगाड़ना चाहते हैं। लेकिन हम यह नहीं होने देंगे इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।
शेख के अनुसार अगर सब समाज इन हत्याओं के खिलाफ आवाज उठाएगा तो जिन्हें हम अज्ञात हमलावर कहते हैं वे खुद-ब-खुद बेनकाब हो जाएंगे। और जो कश्मीरी बदनाम हो रहे हैं, उससे वे बच जाएंगे।