जम्मू। मंदिरों के शहर जम्मू में मंगलवार को पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदेश युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है। वहीं, केंद्र सरकार को महंगाई रोकने में विफल बताया है। एशिया होटल के पास पेट्रोल पंप के बाहर हुए इस प्रदर्शन में तेल डलवाने आए वाहन चालकों को एक पर्चे के माध्यम से 65 रुपये टैक्स के लौटाए गए। साथ ही भाजपा सरकार द्वारा लगाए जा रहे टैक्स के बारे में जागरूक किया गया। एक लीटर तेल के एवज में 65 रुपये वापस मिलने पर लोग भी संतुष्ट नजर आए।
पर्चे पर प्रदर्शित किया गया था कि प्रतिलीटर पेट्रोल पर भाजपा प्रदेश सरकार 32 और केंद्र सरकार 33 रुपये टैक्स लगा रही है। इसके अलावा प्रति लीटर डीजल पर 32-32 रुपये टैक्स वसूला जा रहा है। प्रदेशाध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ यह अनूठा विरोध उपभोक्ताओं को उस लूट के बारे में जागरूक करने के लिए आयोजित किया था, जिस पर केंद्र सरकार टैक्स लगा रही है। आज आम आदमी को प्रति लीटर पेट्रोल के 105 रुपये तक देने पड़ रहे हैं, जिसमें 65 रुपये टैक्स लगाया गया है। यही नहीं सरकार पेट्रोल में जरूरी तरल का मिश्रण किया जा रहा है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में तेल की कीमतों के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। सरकार कश्मीर में बिगड़ते हालात पर नियंत्रण पाने के लिए पूरी तरह से विफल रही है।
यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है कि सरकार की गलत नीतियों से निर्दोषों की जान जा रही है। सरकार को इस स्थिति को लेकर गंभीर होना चाहिए। वर्तमान परिदृश्य में अल्पसंख्यक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जबकि जम्मू कश्मीर में कानून व्यवस्था सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है। कश्मीरी पंडितों और नागरिकों को सुरक्षा देने में सरकार नाकाम रही है। सरकार के कमजोर और उदासीन रवैये से आतंकवाद को बढ़ावा मिला है। लोग आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट के माध्यम से जवाब देंगे। प्रदर्शन में एजाज चौधरी, रिकी डलोत्रा, साहिल सिंह, रंजीत सिंह, लतीश शर्मा आदि शामिल रहे।