जम्मू। जम्मू-कश्मीर मेडिकल इंप्लाइज फेडरेशन जम्मू के बैनर तले चिकित्सा कर्मियों ने शनिवार को स्वास्थ्य सेवा निदेशालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर हक के लिए आवाज उठाई है। वहीं, सरकार को छह अगस्त, 2021 को 15 दिन में डिपार्टमेंटल प्रोमोशन कमेटी (डीपीसी) की बैठक करवाने पर हुए समझौते पर अभी तक अमल नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए अन्य मांगों को भी उठाया है।
फेडरेशन के अध्यक्ष सुशील सूदन ने इस अवसर पर कहा कि छह अगस्त, 2021 को श्रीनगर में सरकार की तरफ से तब के चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्त आयुक्त अटल डुल्लू और स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डॉ. रेणु शर्मा ने फेडरेशन से 15 दिन में विभागीय पदोन्नति कमेटी की बैठक करने के लिए समझौता किया था। लेकिन चार माह बाद भी अमल नहीं हुआ है।
इसके अलावा उपराज्यपाल ने कोरोना काल में सेवाए दे रहे डाक्टरों को दस हजार रुपये, पैरा मेडिकल स्टाफ को सात हजार और चालकों व चतुर्थ श्रेणी के कर्मियो को पांच हजार रुपये प्रति माह अतिरिक्त राशि देने की घोषणा चार मई, 2021 को की थी। इसके लिए बाकायदा सरकारी आदेश भी जारी हुआ था, लेकिन अभी तक एक भी पैसा जारी नहीं हुआ है। अगर जल्द डीपीसी की बैठक आयोजित नहीं हुई तो फेडरेशन एक बार फिर बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू कर देगी। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह, भारत भूषण भगत, धीरज शर्मा, अनीता भगत, कमलजीत साहनी, वेद पाल सैनी और पवन सिंह जम्वाल आदि मौजूद रहे।