जम्मू। कश्मीरी पंडितों ने रविवार को जगती टॉउनशिप में प्रदर्शन कर मासिक राहत राशि में बढ़ोतरी की मांग उठाई है। इसके अलावा जल्द कदम नहीं उठाने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
जगती टेनमेंट कमेटी के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए कश्मीरी पंडितों ने बताया कि सरकार समुदाय की अनदेखी कर रही है। 32 वर्षों से विस्थापन का दंश झेल रहे हैं, लेकिन हमारी कश्मीर घाटी में वापसी करने में नाकाम रही है। बढ़ती महंगाई के बीच 13 हजार मासिक राहत राशि से परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। लंबे समय से सरकार से राहत राशि 25 हजार रुपये तक बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन मांगों को अनसुना कर रही है।
कमेटी के अध्यक्ष शादी लाल पंडिता ने कहा कि सरकार समुदाय के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार नीति घोषित करे। सरकार न रोजगार दे रही है और न ही राहत राशि में बढ़ोतरी कर रही है। अगर हमारी मांगों को नहीं पूरा किया गया तो उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।