जम्मू। त्रिकुटा नगर कॉलोनी में बिजली कटौती की समस्या से लोग परेशान हैं। कामकाज प्रभावित हो रहा है। पानी भी समय पर नहीं आ रहा है। गर्मी के मौसम में बिजली नहीं होने से लोगों की दिक्कतें काफी बढ़ गई हैं। इसलिए समस्याओं का जल्द निदान किया जाए। यह मांग त्रिकुटा नगर वेलफेयर एसोसिएशन जम्मू ने उठाई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को त्रिकुटा नगर कॉलोनी में बिजली कटौती की समस्या को लेकर त्रिकुटा नगर वेलफेयर एसोसिएशन जम्मू की अधिशासी अभियंता राजेश कुमार के साथ बैठक हुई। इसमें स्थानीय लोगों ने समस्याओं के बारे में अवगत करवाने के साथ ही निदान की मांग उठाई गई। वहीं, स्मार्ट मीटर लगाने के बाद आ रही परेशानियों के बारे में बताया गया। बैठक में वार्ड 54 के पार्षद नीरज पुरी और वार्ड 53 की पार्षद ज्योति देवी ने भी समस्याओं को उठाया। साथ ही त्रिकुटा नगर सब स्टेशन में शिकायतें दर्ज करने के लिए सहायक की तैनाती की मांग उठाई।
अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या हल होगी। रिसिविंग स्टेशन का शुभारंभ एक सप्ताह के अंदर कर दिया जाएगा, जिसके बाद लोगों को बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से मिलेगी। बैठक में एसोसिएशन से सचिव विजय गुप्ता, एसएन कौल, टीआर गुप्ता, रमणीक दुबे, संदीप शर्मा, वीरेंद्र कुमार, किशन लाल गुप्ता और ओपी शर्मा मौजूद रहे।