जम्मू। हाजिरी के लिए भीड़ इतनी है कि सामाजिक दूरी नियम का दूर-दूर तक पता नहीं। भीड़ की शक्ल में कर्मचारी अपनी हाजिरी लगाने जुट रहे हैं, जिससे कोरोना संक्रमण के नियम कायदे प्रभावित हो रहे हैं। जम्मू-कश्मीर जन प्रशासन और ग्रामीण विकास प्रबंधन संस्थान में क्लर्क व्यवस्था के कर्मचारियों (सीनियर अस्सिटेंट) के प्रशिक्षण कोर्स में दो बायोमीट्रिक मशीनें हैं जिनमें से एक ही चलती है और हाजिरी लगाने वालों की संख्या 500 के करीब है।
सचिवालय सहायक प्रशिक्षण कोर्स के लिए अन्य तमाम व्यवस्थाएं तो अच्छे ढंग से की गई हैं लेकिन बायोमीट्रिक हाजिरी के वक्त अव्यवस्था और संक्रमण का खतरा साफ नजर आता है। आल जेएंडके इंप्लाइज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष एवं आल जेएंडके क्लर्क एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू हुसैन ने कहा कि प्रशिक्षण कोर्स के दौरान कोई अव्यवस्था का मामला संज्ञान में नहीं आया है, लेकिन बायो मीट्रिक हाजिरी के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए ताकि कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन न हो।