फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Poonch LOC: 70 वर्षों के बाद बेतार नदी पर बना पक्का पुला, नियंत्रण रेखा के गांव जिला मुख्यालय से मिलेंगे

Tue, 13 Sep 2022 02:12 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, पुंछ

सार

नियंत्रण रेखा पर स्थित दिगवार सेक्टर के गांव दिगवार, दिगवार मलदेयालां, नूरकोट, नक्करकोट, तुगलू एवं पोठी में बसने वाले करीब 20 हजार लोगों को परेशानियों से राहत मिलेगी। इस इलाके में रहने वाले लोग आठ वर्षों से बिना पुल के बेतार नदी से भारी परेशानियों से दो चार हो रहे थे।
विज्ञापन
पुंछ एलओसी पर बने पुल से गुजरते लोग - फोटो : मुनीष शर्मा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मंगलवार को कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर उनका लोकार्पण करेंगे। उन्हीं में शामिल बेतार नदी पर भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित गांव दलान और दिगवार सेक्टर के बीच नवनिर्मित पक्का दोहरा पुल भी शामिल है। करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल का लोकार्पण होने से दिगवार सेक्टर के आधा दर्जन से अधिक गांव 70 वर्षों बाद पहली बार सड़क मार्ग से पुंछ जिला मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ जाएंगे।

बेतार नदी में आई बाढ़ में नदी पर बना झूला पुल बह गया था

नियंत्रण रेखा पर स्थित दिगवार सेक्टर के गांव दिगवार, दिगवार मलदेयालां, नूरकोट, नक्करकोट, तुगलू एवं पोठी में बसने वाले करीब 20 हजार लोगों को परेशानियों से राहत मिलेगी, जो आठ वर्षों से बिना पुल के बेतार नदी से भारी परेशानियों से दो चार हो रहे थे। क्योंकि वर्ष 2014 में बेतार नदी में आई बाढ़ में नदी पर बना झूला पुल बह गया था। इसके उपरांत ग्रामीणों को पैदल नदी पार कर गांव से बाहर आना जाना पड़ता था। गांव के छात्र-छात्राओं को भी नदी पार कर ही स्कूलों तक आना जाना पड़ता था।  

बरसात के दिनों में बच्चे स्कूल भी नहीं जा पाते थे

इसके कारण बरसात के दिनों में बच्चे स्कूल भी नहीं जा पाते थे। इतना ही नहीं नियंत्रण रेखा पर होने वाली गोलाबारी के चलते किसी के घायल हो जाने पर उसे सात किलोमीटर का चक्कर काट कर गांव अजोट एवं पुरानी पुंछ के बीच बने पक्के पुल से अस्पताल ले जाना पड़ता था। इससे लोग बुरी तरह परेशान थे। दिगवार में किसी की मृत्यू हो जाने पर नगर अथवा आसपास के गांव के लोगों को भी कई किलोमीटर का सफर तय कर दिगवार पहुंचना पड़ता था। 

पुंछ नगर और दिगवार सेक्टर की दूरी हुई कम 

गांव अजोट और पुरानी पुंछ के बीच बेतार नदी पर बने पुल के सिंगल होने एवं आगे की सड़क के तंग होने के कारण मार्ग पर अकसर जाम की स्थिति भी बनी रहती है। ऐसे में इस नए पक्के पुल के बन जाने से पुंछ नगर और दिगवार सेक्टर के आधा दर्जन से अधिक गांव की दूरी मात्रा दस मिनट की रह जाएगी। इतना ही नहीं इस पुल से नियंत्रण रेखा पर तैनात सेना के जवानों को भी आवाजाही करने और साजो सामान को अग्रिम चौकियों तक पहुंचाने में आसानी हो जाएगी। 

लोगों में खुशी का माहौल

बेतार नदी पर गांव दलान और दिगवार के बीच बने इस पुल के उद्घाटन का पता चलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। सरपंच परविंदर सिंह, पूर्व पंच सुनील कुमार, अशोक कुमार, नजीर हुसैन आदि का कहना है कि हमें तो कभी इस बात की कोई आशा ही नहीं थी कि कभी हमारी परेशानियां कम होंगी। हम वाहनों में सवार होकर घरों तक पहुंच पाएंगे। क्योंकि बेतार नदी पर पक्का पुल न होने के कारण हमारे लोग अपने दोपहिया अथवा चार पहिया वाहनों को गांव दलान में खड़ा कर पहले झूले पुल से गांव तक आते जाते थे, और झूला पुल बह जाने के बाद पैदल कमर तक पानी लेकर आर होते थे।

पाकिस्तानी सेना की चौकियां ऊंचाई पर हैं

जिन दिनों पाकिस्तानी गोलीबारी होती थी, तो पैदल नदी पार करने वाले लोगों को घंटों पत्थरों के बीच लेटे रहना पड़ता था। क्योंकि इस क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की चौकियां ऊंचाई पर हैं, और उनकी हवाई दूरी मात्र सौ मीटर मात्र है। पाकिस्तानी सेना की चौकियों के सामने स्थित क्षेत्र होने के कारण हमें कभी उम्मीद ही नहीं थी कि यहां पक्के पुल का निर्माण हो सकता है। केंद्र सरकार ने नियंत्रण रेखा पर युद्ध विराम के दौरान यह बहुत बड़ा काम कर दिया है। उधर जानकारों का कहना है कि यह पुल इतना मजबूत बनाया गया है कि उस मोर्टार और तोप के गोले का भी कोई ज्यादा असर नहीं होगा।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा करेंगे उद्घाटन

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मंगलवार दोपहर दो दिवसीय दौर पर पुंछ पधारेंगे। इस दौरान वह नगर में कई विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के अलावा वह नगर स्थित स्पोर्ट स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम एवं जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

विज्ञापन

गौरतलब है कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का यह पुंछ का पहला दौरा है। इससे पूर्व दो बार उनका पुंछ दौरा ऐन वक्त पर रद्द हो चुका है। दौरे को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ-साथ सभी विभागों की तरफ से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सूत्रों के अनुसार उपराज्यपाल मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद पुंछ पहुंचेंगे।
 

जहां वह ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए हॉकी एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन करेंगे। वहां आयोजित लड़कियों के पहले दोस्ताना मैच को भी देखेंगे। उसके उपरांत उपराज्यपाल पुंछ स्पोर्ट्स स्टेडियम में नवनिर्मित बॉक्सिंग हाल एवं बॉक्सिंग रिंग का उद्घाटन कर उसे खिलाड़ियों को समर्पित करेंगे।

विज्ञापन

 

उसके बाद स्टेडियम में ही आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम, जनसभा और विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं निरीक्षण करेंगे और देर शाम से रात्रि तक कई प्रकार की बैठकों में भाग लेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें