रामगढ़। भाजपा के जो केंद्रीय मंत्री रामगढ़ पहुंचने वाले थे, उनका सीमावर्ती दौरा रद्द होने पर नेकां नेताओं ने अफसोस जताया। नेकां नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार यह नहीं चाहती कि सीमावर्ती लोगों को उनके अधिकार मिलें। यही कारण है कि मंगलवार को जिन केंद्रीय मंत्रियों ने यहां पहुंच कर समस्याओं व मांगों का ब्योरा प्राप्त करके सरकार तक पहुंचाना था, उनके जम्मू दौरे ही रद्द कर दिए गए।
नेकां नेता एवं सरपंच पंचायत घौ- ब्राह्मणा रामपाल शर्मा ने कहा कि जिस दिन उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने अपने काफिले व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाबा चमलियाल मजार का निरीक्षण किया और इसी दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों के समक्ष केंद्रीय मंत्रियों के दौरे की तैयारियों को शुरू करने की घोषणा की, लेकिन उसके तीन दिन बाद प्रशासनिक स्तर पर यह घोषणाएं जारी की जाती हैं कि केंद्रीय मंत्रियों का रामगढ़ दौरा रद्द किया गया है। इसकी अगले दो माह तक होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अब विधानसभा व लोकसभा चुनाव में सीमावर्ती लोग तय करेंगे कि उनके भविष्य की डोर किस सरकार के हाथों में सुरक्षित रहेगी और कौन उनसे छलिया राजनीति कर रहा है।