ज्यौड़ियां। छंब विधानसभा क्षेत्र के खौड़ में 26 दिसंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली को सफल बनाने को लेकर मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद की तरफ से गांवों में बैठकें कर रैली में अधिक से अधिक लोगों को पहुंचने के लिए कहा गया।
बैठक का सिलसिला गांव लाहम से शुरू हुआ। उसके बाद कोटमैरा, जंगीवाला, सरमाला, पटेयारी, पहाडीवाला, नरायाणा, नदंवाल,ढलेरी, मसेयाल, कलीठ, ढांगर, मनासीवाला तथा अजैल मलाल आदि में बैठकें की गई। तारा चंद ने कहा कि जब से भाजपा ने देश की कमान संभाली है तब से ही देश में हाहाकार है। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि गरीब को दो समय की रोटी मुश्किल है। देश की संपत्ति को बेचा जा रहा है। हर विभाग का निजीकरण कर देश की जनता के लिए मुश्किलों का जाल बिछाया जा रहा है। बिजली विभाग का निजीकरण कर दिया गया है, जिससे बिजली विभाग के लोग तथा उपभोक्ता परेशान होकर सड़कों पर उतर गए हैं। देश की जनता परेशान है और अब चुनाव की ताक में है कि कब चुनाव आएं और भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाएं।
इस मौके पर पूर्व नायब सरपंच पंचायत कलीठ शाम लाल शर्मा, सरपंच जगदीश राज शर्मा, चौधरी जनक सिंह, जगतर सिंह, राम पाल शर्मा सहित अन्य कई लोग उपस्थित रहे ।