पीएचई इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने राज्य सरकार और विभाग को पीएचई विभाग के डेलीवेजरों का दस महीने का बकाया वेतन तत्काल जारी करने की मांग की है।
इस संबंध में शनिवार को हुई बैठक में महासचिव सुभाष वर्मा ने कहा कि तीन दिनों की काम छोड़ हड़ताल के बाद सरकार के साथ समझौते में जो वादे किए गए थे, वे अभी भी पूरे नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद से रियासत के हालात को देखते हुए पीएचई इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन फिलहाल हड़ताल करना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का फिलहाल सरकार को पूरा सहयोग देने का फैसला है।
सरकार को भी चाहिए कि वह मुलाजिमों की समस्याओं का जल्द निराकरण करे और कम से कम पीएचई विभाग में कार्यरत डेलीवेजरों को दस महीने का लंबित वेतन जारी करे, ताकि उन्हें हलकी राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि अगर पंद्रह दिनों में पीएचई मुलाजिमों के मसलों का हल न हुआ तो फिर आंदोलन की अगली रणनीति को तय करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं रह जाएगा।