जम्मू शहर व इसके आसपास के इलाकों में ऑनलाइन फ्राड के मामले बढ़ रहे हैं। पढ़े लिखे लोग भी इसके शिकार हो रहे हैं। हर महीने जम्मू संभाग में औसत एक दर्जन ऐसे मामले आ रहे हैं, जिसमें लोगों से ऑनलाइन फ्राड हुआ है। क्राइम ब्रांच एवं पुलिस के पास शिकायतें पहुंच रही हैं।
आरएस पुरा में एक सैनिक के खाते से 30 हजार रुपये एक महीना पहले उड़ा लिए गए। बैंक डिटेल से पता चला कि उसके खाते से पैसे निकालकर ऑनलाइन शापिंग की गई है। इसी तरह नगरोटा, सतवारी और गांधी नगर पुलिस स्टेशन में भी ऑनलाइन ठगी के केस दर्ज हैं। सतवारी में एक एयरफोर्स अफसर के खाते से ऑनलाइन पैसे निकाल लिए गए। ऐेसे ही और मामले भी हैं। तमाम जागरूकता कार्यक्रम चलाने के बावजूद ऑनलाइन ठगी के केस बढ़ रहे हैं। जिससे क्राइम ब्रांच भी चिंतित है।
अज्ञात फोन पर खाते की जानकारी न दें: एसएसपी
क्राइम ब्रांच के एसएसपी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि जितने भी मामले क्राइम ब्रांच के पास आते हैं, उनको सुलझानेे की कोशिश करते हैं। इस ठगी में जम्मू कश्मीर और राज्य के बाहर रहने वाले ठग मिलकर काम करते हैं। क्राइम ब्रांच की तरफ से काफी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इनसे निपटा जा सके। हमारी कोशिश है कि लोग भी अधिक से अधिक जागरूक हों। किसी भी अज्ञात फोन काल पर अपने बैंक खातों, डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारियां सांझा न करें। इसी से अकाउंट सुरक्षित रहेगा। हमारे पास कई ऐसे मामले भी आ रहे हैं, जिसमें कई पढ़े लिखे लोग हैं, लेकिन वो अपनी बैंक डिटेल दे देते हैं और आनलाइन ठगी हो जाती है।