अखनूर। कस्बे के विभिन्न बाजारों में फुटपाथों और नालियों से अतिक्रमण हटाने के लिए म्यूनिसिपल कमेटी की तरफ से 110 दुकानदारों को तीन दिन में अतिक्रमण हटाने के नोटिस दिए जान से दुकानदारों में रोष है। कई दुकानदार इस निर्णय के विरोध में आ गए हैं । उनका कहना है कि कमेटी एक तरफा निर्णय ले करके अतिक्रमण हटाने की होड़ में तानाशाही रवैया अपना रही है। इस कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।
दुकानदार सुरेश गुप्ता के बताया कि एक साल से कोरोना से मंदी का दौरा चल रहा है। कमेटी ने बाजारों में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए दुकानदारों को नोटिस दिया है। मगर कमेटी एक तरफा कार्रवाई करने पर अड़ी है। उन्होंने बताया कि कमेटी को ऐसी कार्रवाई करने से पहले दुकानदारों को विश्वास में लेना चाहिए था।
गणेश दास कूकी ने बताया कि कस्बे में अतिक्रमण के खिलाफ कमेटी को पहले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए समय देना चाहिए, मगर कमेटी दुकानदारों की अनदेखी करके कार्रवाई करने पर अड़ी है। इसका विरोध किया जाएगा।
राकेश शर्मा ने बताया कि म्यूनिसिपल कमेटी कुछ जगह पर अतिक्रमण हटाने पर तुली है। जबकि कस्बे के साथ कई बाजारों में अतिक्रमण है। कमेटी को एक तरफ से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।