डीसी आफिस में नामांकन करतीं महबूबा मुफ्ती
- फोटो : Amar Ujala
अनंतनाग विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की तैयारियों को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों ने श्रृंखलाबद्ध बैठकें कर चुनावी तैयारियों से जुड़ी हिदायतें जारी कीं।
सेक्टोरल और नोडल अफसराें को निर्देश देते हुए पर्यवेक्षकों ने आदर्श आचार संहिता के पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश सर्वोपरि हैं जिसका हर हाल में पालन सुनिश्चित करना होगा। जिस भी स्तर पर अफसर और मुलाजिमों को नियुक्ति की गई है वह सजग रहें। आचार संहिता उल्लंघन की छोटी से छोटी घटना को भी तुरंत रिपोर्ट करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पर्यवेक्षकों को बताया कि चुनावी ड्यूटी में सबसे काबिल और साफ छवि वाले अफसरों को तैनात किया गया है। इस बीच अनंतनाग विधानसभा क्षेत्र-40 के लिए शिकायत सेल स्थापित कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनंतनाग कार्यालय में स्थापित किए गए सेल में शिकायतों को टोल फ्री नंबर 18001807054, 01932-222291 और फैक्स 01932-223164 पर दर्ज करवाया जा सकता है। नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों में जीएल मीणा, नित्या सुंदर त्रिवेदी, जय नारायण सिंह शामिल हैं। इस बीच उपचुनाव के लिए तैनात किए गए मुलाजिमों को पहले चरण का प्रशिक्षण भी दिया गया है।