एक ही छत के नीचे सभी सरकारी कार्यालयों के काम करने का सपना जल्द पूरा होता नजर आ रहा है। पिछले कई वर्षों से जगह तलाश कर रही जिला प्रशासन को आखिर मिनी सचिवालय बनाने के लिए जगह मिल गई। शहर के खेहवरा स्थित डाइट कांप्लेक्स की भूमि पर ही राजोरी का मिनी सचिवालय बनाया जाएगा।
इसके लिए टेंडरिंग भी कर दी गई है और बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस बात की जानकारी पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन अब्दुल मजीद वानी ने अमर उजाला को एक विशेष बातचीत में दी। एक्सईएन ने बताया कि मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य तीन चरणों में किया जाएगा।
हर चरण में एक ब्लाक का निर्माण होगा। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से एक ब्लाक का निर्माण पूरा होगा। कुल तीन ब्लाकों के निर्माण के लिए 37 करोड़ रुपये की लागत से मिनी सचिवालय तैयार होगा। एक्सईएन के अनुसार डाइट राजोरी की भूमि पर मिनी सचिवालय बनाने के लिए जगह निर्धारित कर ली गई है।
निर्माण कार्य जल्द शुरू हो इसके लिए विभाग द्वारा टेंडर भी डाल दिए गए हैं। टेंडर आदि का सारा कार्य पूरा कर लिया गया है। फंड भी उपलब्ध करवा दिए गए हैं। कुछ ही दिनों में निर्माण कार्य शुरू किए जाने का भरोसा दिलाते हुए एक्सईएन ने बताया कि समय रहते निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
करीब तीन वर्ष में निर्माण कार्य पूरा करने की संभावना व्यक्त करते हुए कहा कि इससे राजोरी वासियों का एक ही छत के नीचे सभी सरकारी कार्यालयों के काम करने का सपना पूरा हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मिनी सचिवालय बनाने की योजना पिछले करीब तीन वर्षों से अधर में लटकी पड़ी थी। इसके लिए जगह ही नहीं मिल रही थी।