श्रीनगर में प्रदर्शन करते पीडीपी कार्यकर्ता ।
- फोटो : एएनआई
हैदरपोरा मुठभेड़ की न्यायिक जांच करवाने की मांग को लेकर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कार्यकर्ताओं के साथ श्रीनगर में राजभवन तक विरोध मार्च निकाला। इस बीच पीडीपी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। पीडीपी प्रमुख ने कहा कि मुठभेड़ में मारे गए लोगों के शव परिजनों को लौटाना चाहिए और उन्हें इसका मुआवजा देना चाहिए।
उन्होंने उपराज्यपाल से इसके लिए माफी मांगने की भी मांग की। केंद्र सरकार पर आतंकियों से मुठभेड़ के नाम पर निर्दोष कश्मीरियों के कत्लेआम का आरोप लगाया है। प्रदर्शन के दौरान महबूबा मुफ्ती ने कहा कि हैदरपोरा मुठभेड़ को बेवजह से आतंकी मुठभेड़ का नाम दिया जा रहा है। निर्दोष कश्मीरियों का कत्ल किया गया है।
उन्होंने कहा कि ताकत के बल पर कश्मीरियों को सरेंडर करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति कभी कामयाब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सांप्रदायिक पार्टी है और वह जानबूझकर कश्मीरियों का कत्लेआम कर देश के दूसरे हिस्सों में वोट हासिल करना चाहती है।