वेस्ट पाकिस्तान रिफयूजी बैठक में चर्चा करते हुए।
ज्यौड़ियां। अनुच्छेद 370 हटने से 72 साल से नागरिकता के लिए संघर्ष कर रहे वेस्ट पाकिस्तान रिफ्यूजियों को बड़ी राहत मिली है। वेस्ट पाकिस्तान रिफ्यूजी एक्शन कमेटी खौड़ की तरफ से सोमवार को एक बैठक हुई। इस दौरान फैसला लिया कि वह पांच अगस्त को त्योहार के रूप में मनाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता कमेटी के तहसील अध्यक्ष लाल सिंह कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वेस्ट पाकिस्तान रिफ्यूजी परिवारों को बहुत ही मुश्किलों का सामना करने के बाद नागरिकता मिली है। रिफ्यूजी परिवारों के साथ दशकों से अन्याय होता आ रहा। वह न तो कल्याणकारी योजनाओं और न ही राज्य में सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन कर पाते थे और अनुच्छेद 370 हटने के बाद वेस्ट पाकिस्तान रिफ्यूजी शब्द भी कहीं नहीं रह गया है। अब हम लोग आजाद हैं। इस अवसर पर भाजपा रिफ्यूजी सेल के अध्यक्ष मनमोहन सिंह, अखनूर के प्रधान लाल सिंह, मंडल खौड़ के प्रधान राम सिंह सहित अन्य कई लोग उपस्थित रहे ।
मनमोहन सिंह ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मोदी सरकार ने रिफ्यूजियों का सपना साकार किया है। मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे लिए आदरणीय हैं। पांच अगस्त को हम त्योहार के रूप में मनाएंगे।