बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मणा में रविवार की रात चार 4 ड्रोन देखे जाने से इलाके में हाई अलर्ट कर दिया गया। उसी के चलते सोमवार को क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। यह अभियान काला गेट नंबर-4 और स्मेलपुर क्षेत्र में चला।
लगभग 25 सुरक्षा बलों की टीम अभियान में शामिल रही। आसपास के इलाकों में सोमवार को भी ड्रोन देखने का अंदेशा लगाया गया है। थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि ड्रोन की गतिविधि को देखते हुए इलाके में जगह-जगह पर तलाशी अभियान चलाया गया है ताकि ड्रोन के द्वारा कोई हथियार इलाके में न फेंके गए हों। इसलिए सुरक्षा में कोई भी चूक उनकी तरफ से न होने पाए।
बाड़ी ब्राह्मणा के बरजानी तालाब इलाके में भी सोमवार को स्थानीय लोगों ने आसमान में कोई चमकती चीज देखी, इसको लेकर बाड़ी ब्राह्मणा थाने में सूचना दी, लेकिन देखते ही देखते वह गायब हो गई। आशंका जताई जा रही है कि कहीं वह ड्रोन न हो। इसके चलते पुलिस व सीआरपीएफ ने तलाशी अभियान चलाया। जिस इलाके में ड्रोन दिखा है वहां सीआरपीएफ का हेड क्वार्टर भी है।