कश्मीर घाटी में सैन्य अधिकारी उमर फैयाज की हत्या के बावजूद भी आतंकी तंजीमों की नापाक साजिश कश्मीर के युवाओं में अपनी दहशत पैदा करने में नाकाम रही है। कश्मीरी युवाओं का जोश और आतंक को मात देने की हिम्मत आतंकियों की धमकी पर भारी पड़ती दिख रही है।
कश्मीर में पिछले कई दिनों से चल रही पुलिस भर्ती में बड़ी संख्या में युवा हिस्सा ले रहे हैं। शनिवार को श्रीनगर में आयोजित सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में दो हजार युवाओं ने हिस्सा लिया। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के मुताबिक रियासत के विभिन्न हिस्सों से 67218 अभ्यर्थियों ने 698 पोस्ट के लिए आवेदन किया है जिसमें 31496 जम्मू संभाग और 35722 कश्मीर संभाग से हैं।
शनिवार को बक्शी नगर स्टेडियम में आयोजित शारीरिक परीक्षा में करीब दो हजार युवा पहुंचे। इस बीच युवाओं में पुलिस में भर्ती होकर रियासत की सेवा करने का जज्बा देखा गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने घाटी के युवाओं से बिना भयभीत हुए भर्ती परीक्षा में आने की अपील की है।
गौरतलब है कि घाटी में आतंकी युवाओं को पुलिस और सेना में शामिल नहीं होने के लिए धमकी दे रहे हैं। मंगलवार को ही आतंकियों ने युवाओं में भय पैदा करने के लिए सेना के एक अफसर की शोपियां में हत्या कर दी थी।