दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के द्रब्गाम में आतंकियों से लोहा लेते हुए घायल हुए 44 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के मेजर रोहित शुक्ला की हालत में सुधार हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मेजर शुक्ला को मुठभेड़ के दौरान हाथ में गोली लगी थी जिसके बाद उन्हें श्रीनगर स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया था।
जहां सर्जरी के बाद वह बेहतर महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि बीते मंगलवार को द्रब्गाम में सुरक्षाबलों ने हिज्ब कमांडर समीर टाइगर व उसके साथी आकिब खान को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। ऑपरेशन को अंजाम देने वाली सैन्य टुकड़ी की कमान मेजर रोहित शुक्ला संभाल रहे थे। मेजर को इससे पूर्व भी सफल ऑपरेशन के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया जा चुका है।
हाजिन में आतंकियों ने मुखबिरों को दी धमकी
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के हाजिन इलाके में मंगलवार देर रात आतंकी पहुंचे और वहां कुछ लोगों को संबोधित कर मुखबिरों को धमकी दी। उधर, बारामुला जिले के नूरबाग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
सूत्रों के अनुसार लश्कर के तीन आतंकी हाजिन टाउन पहुंचे और लोगों को संबोधित किया। इस दौरान आतंकियों ने लोगों को चेतावनी दी, जो सुरक्षाबलों के साथ इनफॉर्मर के रूप में काम करते हैं। इतना ही नहीं, जानकारी के अनुसार आतंकी इलाके में खोसा मोहल्ला में एक आतंकी की कब्र पर भी गए और वहां गन सैल्यूट दिया।
उधर, बारामुला जिले के नूरबाग इलाके में भी सेना की 22 आरआर और एसओजी द्वारा एक साझा तलाशी अभियान चलाया गया था, जो बाद में स्थगित कर दिया गया। उन्होंने इलाके में आतंकियों की सूचना मिलने पर यह अभियान चलाया था।