उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर ने वित्तीय सुधारों में बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। प्रदेश ने कार्यों के निष्पादन में अभूतपूर्व पारदर्शिता हासिल की है। उप-राज्यपाल ने शनिवार को 2020-21 के दौरान जम्मू-कश्मीर में पूरी की गई 3900 करोड़ रुपये की 9514 परियोजनाओं के सचित्र संग्रह से युक्त ई-बुक का विमोचन किया। ई-बुक वित्त विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशन शीर्षक के तहत जनता के देखने के लिए उपलब्ध है।
विज्ञापन
उप-राज्यपाल ने कहा कि ई-बुक अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की एक दृश्य झलक है। कुल परियोजनाओं में से 6167 परियोजनाओं को एक साल के भीतर पूरा कर लिया गया है। जम्मू-कश्मीर में सभी कार्यों के लिए जवाबदेही और पारदर्शिता लाने के लिए हर सरकारी काम को सार्वजनिक डोमेन पर जनता के लिए डाला जा रहा है।
मुख्य सचिव डॉ. अरुण मेहता ने बताया कि वर्ष 2018-19 के दौरान केंद्र शासित प्रदेश की विभिन्न योजनाओं के तहत 6090 परियोजनाओं को पूरा किया गया। वर्ष 2019-20 में 6933 और वर्ष 2020-21 के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 9514 तक पहुंच गया है, जो पिछले साल की तुलना में 37 फीसदी अधिक है। इन सभी परियोजनाओं में से 86 फीसदी दो वर्षों की अवधि के भीतर पूरी हो गई हैं। 3900 करोड़ अर्थव्यवस्था में एक बड़े पैमाने पर संपत्ति निर्माण है जिसका परियोजनाओं के माध्यम से जनता को लाभ पहुंचेगा।