मतदाताओं तक पहुंचने के लिए कसरत कर रहे उम्मीदवार
चुनाव के नजदीक आने के साथ ही अब विभिन्न राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। प्रमुख रूप से भाजपा और कांग्रेस की ओर से जम्मू संसदीय क्षेत्र के सभी 18 विधानसभा क्षेत्रों में अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने के लिए कसरत की जा रही है।
मतदाताओं को रिझाने के लिए कई माध्यमों से प्रचार को धार दी जा रही है। आगामी दिनों में उधमपुर और जम्मू सीट के लिए भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई स्टार प्रचारक ला रही है। इसमें 15 अप्रैल को जम्मू सीट के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली प्रस्तावित है।
हालांकि पहले इसे 9 अप्रैल को किया जाना था, लेकिन नवरात्र की व्यस्तता सहित अन्य कारणों से इसे आगे बढ़ाया गया है। इससे पहले उधमपुर सीट के लिए प्रधानमंत्री का आना प्रस्तावित है। उधर, कांग्रेस की ओर से भी आगामी दिनों में प्रियंका गांधी सहित अन्य स्टार प्रचारकों को उक्त दोनों सीटों पर प्रचार के लिए लाने की तैयारी है। चुनावी गतिविधियां बढ़ने से संबंधित राजनीतिक दलों के छोटे से बड़े नेता इसमें जुटे हुए हैं। इसमें जनसभाओं, बैठकों सहित अन्य गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है।
लोकसभा चुनाव 2024: उधमपुर-डोडा सीट
- फोटो : अमर उजाला
उधमपुर सीट पर 12 उम्मीदवार मैदान में, 19 अप्रैल को मतदान
जम्मू-कश्मीर में पहले चरण में उधमपुर संसदीय सीट पर 19 अप्रैल को मतदान होना है। यहां से 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें छह निर्दलीय भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी से डॉ. जितेंद्र सिंह, कांग्रेस से चौधरी लाल सिंह, बसपा से अमित कुमार, एकम सनातन भारत दल से मनोज कुमार, पीडीपी से गुलाम मोहम्मद सरूरी, बलवान सिंह, डॉ. पंकज शर्मा निर्दलीय, राजेश मनचंदा निर्दलीय, सचिन गुप्ता निर्दलीय, स्वर्ण वीर सिंह जराल निर्दलीय, निर्दलीय के रूप में मोहम्मद अली गुज्जर और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मेहराज दीन हैं।