जम्मू। सुहागिनों का सबसे बड़ा पर्व करवाचौथ रविवार को प्रदेश सहित शहर में धूमधाम से मनाया गया। रविवार का अवकाश होने के कारण इस बार त्योहार को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। आकर्षक वेशभूषा में सजी-संवरी सुहागिनों ने पति की लंबी आयु के लिए दिनभर उपवास रखा और रात को चंद्रमा को अर्घ्य देकर उपवास खोला है। शहर के गांधीनगर स्थित ग्रीन बेल्ट पार्क के पंच मंदिर में सामूहिक कार्यक्रम हुआ। इसमें महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान से पति की लंबी आयु और सुख- समृद्धि की कामना की।
करवाचौथ पर्व को लेकर शहर दिनभर उत्साह का माहौल रहा। बाजार में महंदी लगाने के साथ व्रत के लिए जरूरी सामान खरीदने के लिए महिलाएं पहुंची थीं। हालांकि ज्यादातर महिलाओं ने शनिवार को ही खरीदारी कर ली थी। करवाचौथ व्रत के लिए महिलाओं ने रविवार तड़के सरगी खाई और फिर उपवास शुरू किया। सूर्यास्त से पहले महिलाओं ने गांधीनगर स्थित पंच मंदिर में संयुक्त पूजा-अर्चना करने के साथ ही थालियों की अदला-बदली की। इस दौरान पारंपरिक लोक गीत से माहौल और भी भव्य हो गया। इसके साथ ही शहर में महिलाओं ने घरों में ही परिवार के साथ पूजा-अर्चना की। बाद में देर रात को चांद देखने के बाद पति का चेहरा देकर जल ग्रहण किया और उपवास खोला है। व्रती महिलाओं ने अपने सास को करवा और मिष्ठान में ड्राई फ्रूट, नारियल आदि समाग्री देकर सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद लिया। साथ ही कई कुंवारी युवतियों ने मंगेतर के लिए व्रत रखा था।
वीडियो कॉल कर खोला व्रत
करवा चौथ पर कई महिलाओं ने वीडियो कॉल के जरिए अपने पतियों का दीदार कर व्रत खोलना। नौकरी के सिलसिले में कुछ पति करवाचौथ के लिए घर नहीं पहुंचे पाए थे। ऐसे में महिलाओं ने वीडियो कॉल करके अपना व्रत खोला और उनकी दीर्घायु की कामना की।