फालसा का जूस रक्त विकार को दूर करेगा। सीएसआईआर की सहयोगी संस्था जम्मू की आईआईआईएम ने रक्त शोधक फालसा हेल्थ टॉनिक जूस को विकसित करने में सफलता हासिल की है। संस्था का दावा है कि इस ड्रिंक में तमाम औषधीय गुण हैं, जिनके चलते यह शारीरिक विकास तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सहायक है।
आईआईआईएम का कहना है कि यह ड्रिंक रक्त शोधक के रूप में काम करेगा। इसमें विटामिन बी 12 पाया जाता है। यह विटामिन केवल जानवरों में पाया जाता है। शाकाहारी में इस विटामिन की कमी होती है। इस कमी को यह ड्रिंक पूरा करेगा।
विटामिन बी 12 खून को पतला करता है। इसके साथ ही लीवर के लिए भी उपयोगी है। लीवर की रक्षा कर पीलिया की रोकथाम में सहायक है। लू के लिए यह रामबाण है। कूलिंग इफेक्ट के कारण इसके सेवन से लू किसी भी कीमत पर नहीं लगेगी। इसके साथ ही मूत्र संबंधी परेशानियों को भी दूर करेगा।
संस्था के वैज्ञानिक डॉ. आरके रैना का कहना है कि फालसा में तमाम औषधीय गुण हैं। इसका वर्णन आयुर्वेद में भी है। चूंकि इसका फल बहुत दिनों तक टिका नहीं रहता है। इस वजह से संस्थान ने हेल्थ ड्रिंक तैयार करने का फैसला किया। यह ड्रिंक छह महीने तक सुरक्षित रह सकता है। ड्रिंक का अल्फा-बीटा टेस्ट भी कराया गया है।