श्री अमरनाथ यात्रा में आने वाले हर श्रद्धालु पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। अमरनाथ यात्रा में सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों रूट के प्रवेश गेट पर यह कैमरे लगाए जाएंगे। यात्रा के शुरू होने से लेकर खत्म होने तक यह काम करेंगे। कैमरों से वीडियो रिकार्डिंग भी होगी।
पिछले वर्ष बालटाल में लगाए लंगर में विवाद होने को लेकर देशभर में हंगामा हुआ था। ऐसी किसी भी घटना पर नजर रखने और यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से इस बार कैमरों को लगाने का निर्णय लिया गया है। यह कैमरे खास तरह के होंगे। श्री अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यपाल एनएन वोहरा ने इस सुविधा के लिए बोर्ड को आदेश जारी किया है।
बोर्ड के एडिशनल एग्जीक्यूटिव अफसर ने कैमरा लगाने वाली कंपनियों को न्योता दिया है। कैमरे अच्छी तरह से काम करें और इनका सही लाभ लिया जा सके इसके लिए शर्तें भी जारी की गई हैं। कंपनियों से कैमरों की सुविधा रेंटल बेस पर ली जाएगी। बालटाल रूट के दोमेल प्रवेश गेट और पहलगाम रूट से चंदनबाड़ी प्रवेश गेट पर चार-चार कैमरे लगाए जाएंगे।
कैमरों की पूरी तरह से जिम्मेदारी कंपनियों की रहेगी। श्रीनगर में भी इसकी सुविधा रहेगी। यहां कैमरों की रिकार्डिंग और मानिटरिंग के लिए सिस्टम स्थापित होगा। इसके लिए इंटरनेट कनेक्शन श्राइन बोर्ड देगा।