प्रधानमंत्री पैकेज के तहत कश्मीर संभाग के विभिन्न जिलों में कार्यरत कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को जिले में किसी एक ही स्थान पर आवास मुहैया करवाया जाएगा। पीएम पैकेज के तहत विभिन्न जिलों में तैनात कर्मचारियों में 80 फीसदी कर्मचारी किराये के आवास में रहते हैं। हाल ही में हुए आतंकी हमलों के बाद अब इन कर्मचारियों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए प्रशासन इन कर्मियों को कड़ी सुरक्षा के साथ किसी बड़ी इमारत में ठहराएगा।
पीएम पैकेज के तहत कश्मीर संभाग में 4000 से करीब कर्मचारी तैनात हैं। इसमें एक से दो हजार कर्मचारी ही सरकार द्वारा बनाई कॉलोनी में रहते हैं। शेष कर्मचारी किराये के आवास में रहते हैं, जिन्हें एक ही जगह पर बड़ी इमारत में सुरक्षित माहौल में रहने की सुविधा दी जाएगी। राहत आयुक्त कार्यालय ने संबंधित जिला उपायुक्तों से बातचीत कर ली है और इस पर जल्द कोई फैसला लिया जाएगा। राहत आयुक्त जम्मू अजय पंडिता सोमवार को श्रीनगर का दौरा करेंगे और सरकारी कॉलोनी में रह रहे कश्मीरी पंडित कर्मचारियों से बात करेंगे।
अजय पंडिता ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्हें हर तरह की सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अलग से सुरक्षा देना संभव नहीं है। किराये के आवास में रहने वाले कर्मचारियों को किसी एक ही स्थान पर रखने की संभावना तलाशी जा रही है। इस तरह से कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल दिया जा सकता है।