उद्योग क्षेत्र में निवेश से जम्मू-कश्मीर में अगले डेढ़ वर्ष के दौरान रोजगार के करीब दो लाख अवसर सृजित किए जाएंगे। मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता ने उद्योग विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए रोजगार के लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि उद्योग लगाने संबंधी आवेदनों का जल्द निपटारा कर आगामी 18 माह में लगभग दो लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य हासिल किया जाए। नई भूमि आवंटन नीति के तहत उद्योग विभाग को अब तक भूमि आवंटन के लिए 4114 ऑनलाइन आवेदन मिले हैं।
आवेदन प्रक्रिया को सिंगल विंडो सिस्टम के तहत चलाया जा रहा
प्रदेश में 44,327 करोड़ के निवेश प्रस्तावों में 1,84,100 रोजगार सृजन क्षमता दिखाई गई है। रोजगार सृजन की इस क्षमता को धरातल पर उतारने की व्यवस्था की जाए। बैठक में बताया गया कि भूमि आवंटन के लिए आवेदन प्रक्रिया को सिंगल विंडो सिस्टम के तहत चलाया जा रहा है।
अंतिम सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा होगी
इसमें प्रति कनाल प्रस्तावित निवेश, प्रस्तावित प्रत्यक्ष रोजगार प्रति कनाल, उद्योग की श्रेणी, पर्यावरणीय प्रभाव मूल्यांकन आदि बिंदुओं को लिया जाएगा। आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवेदन और चयन विवरण के साथ आवंटियों की अंतिम सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की जाएगी।