जम्मू। उप राज्यपाल प्रशासन ने युवाओं को राहत देते हुए पुलिस विभाग में होने वाली सब इंस्पेक्टर (एसआई) की भर्ती में दो वर्ष आयु सीमा बढ़ाने के साथ 400 अतिरिक्त पद बढ़ाए हैं। सरकार के इस फैसले से अब कुल 1200 पद पर भर्ती होगी।
जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने पद सृजन होने के बाद बुधवार को अधिसूचना जारी की है। नई अधिसूचना के तहत अब 1200 पदों में से सामान्य वर्ग में 600 पद, एससी में 96, एसटी में 120, ओएससी में 48, एलएलसी/आईबी में 48, आरबीए में 120, पीएसपी में 48, ईडब्ल्यूएस में 120 पद आरक्षित किए हैं। इन पदों के लिए आवेदन की आयु सीमा को 28 वर्ष से बढ़ाकर 30 वर्ष तक कर दिया है। पुलिस विभाग में ये अब की तक सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया होगी।
जेकेएसएसबी ने अधिसूचना में कहा है कि बोर्ड ने इन पदों पर भर्ती संबंधित विभाग की ओर से मिले मांगपत्र के आधार पर जारी की है। अगर संबंधित विभाग भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने तक पदों की संख्या में कमी करता है तो बोर्ड इसका जिम्मेदार नहीं होगा। एसआई भर्ती में एनसीसी सर्टिफिकेट होल्डर युवाओं को बोनस अंक मिलेंगे। एनसीसी में सी सर्टिफिकेट होल्डर को पांच फीसदी, बी सर्टिफिकेट होल्डर को तीन और ए सर्टिफिकेट होल्डर को दो फीसदी बोनस अंक मिलेंगे। सामान्य वर्ग में आने वाले उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 550 रुपये, जबकि आरक्षित एससी-एसटी के उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये शुल्क तय किया है।