जम्मू। वीनू मांकड ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर की अंडर-19 टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। टीम को अभी तक खेले तीनों मुकाबलों में हार मिली है। इन मुकाबलों में जम्मू-कश्मीर की टीम गेंदबाजी और बल्लेबाजी में पूरी तरह फ्लाप रही है। लगातार खराब प्रदर्शन टीम के चयन पर भी सवाल खड़े कर रहा है। शनिवार को कर्नाटक के साथ हुए मुकाबले में टीम को पांच विकेट से हार मिली है।
जम्मू-कश्मीर टीम वीनू मांकड ट्राफी के एलिट ग्रुप-ई में है। यहां उसका पहला मुकाबला विदर्भ के साथ हुआ था, जिसमें उसे 7 विकेट से हार मिली। इस मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम 105 रन का मामूली लक्ष्य भी हासिल नहीं कर पाई थी और उसे एक रन से हार मिली थी। दूसरे मुकाबले में पुड्डूचेरी के हाथों 6 विकेट से हार मिली थी। इस मुकाबले में प्रदेश की टीम 136 रन पर ऑलाउट हो गई थी। शनिवार को कर्नाटक के साथ हुए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम 36 ओवर में 115 पर ही ऑलआउट हो गई। टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। 44 रन जोड़ने में सात बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक की टीम ने 26 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
--
कप्तान ने तीन मुकाबलों में दहाई का आंकड़ा नहीं छूआ
जम्मू-कश्मीर अंडर-19 टीम के कप्तान अक्षित गंदराल अभी तक खेले गए तीन मुकाबलों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके हैं। विदर्भ के साथ हुए मुकाबले में अक्षित 12 गंदों में पांच रन, पुदुच्चेरी के खिलाफ 7 गेंदों में 4 रन और कर्नाटक के खिलाफ 9 गेंदों में शून्य रना बना पाए हैं। टीम कप्तान बल्लेबाजी के साथ कप्तानी में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।