जम्मू। डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (डीएपी) के चेयरमैन गुलाम नबी आजाद ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी की जोनल और जिला समितियों के गठन के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया है। वरिष्ठ नेताओं के छह पैनल को दस दिन के भीतर संबंधित क्षेत्रों का अभ्यास पूरा करके 18 अक्तूबर तक प्रस्तावित जोनल और जिला समितियों की सिफारिशें जमा करने के लिए कहा है।
आजाद ने सभी बीस जिलों को कवर करने के लिए दोनों संभागों में तीन-तीन टीमों के गठन की घोषणा की है। जोनल और जिला समितियों के गठन के बाद जोन और जिला पदाधिकारियों को ब्लाक व पंचायत समितियों का गठन करने के लिए कहा जाएगा। बताया जाता है कि 11 सदस्यीय सेंट्रल जोन जम्मू को पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद की अगुवाई में जम्मू शहरी व ग्रामीण, कठुआ, सांबा और उधमपुर जिले को कवर किया जाएगा।
इसी तरह पूर्व मंत्री जीएम सरूरी की अगुवाई में नौ सदस्यीय चिनाब वैली जोन में रामबन, डोडा, किश्तवाड़ और रियासी जिला तथा छह सदस्यीय पीर पंजाल जोन में अशोक शर्मा की अगुवाई में राजोरी और पुंछ जिला को कवर किया जाएगा। कश्मीर संभाग में ताज मोहिउद्दीन की अगुवाई में उत्तर कश्मीर में बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, पीराजादा मोहम्मद सईद की अध्यक्षता में साउथ कश्मीर जोन में अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा और शोपियां जिला व सेंट्रल कश्मीर जोन में श्रीनगर, बडगाम और गांदरबल जिले को कवर किया जाएगा। पार्टी में खासतौर पर जिला व जोन प्रधान सहित अन्य पदाधिकारी हर माह न्यूनतम 20 दिन पार्टी सेवा में समर्पित करने में सक्षम होना चाहिए। खासतौर पर चुनाव को देखते हुए पार्टी गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी। समितियों में युवा प्रतिनिधित्व 50 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। कम से कम 20 प्रतिशत पदाधिकारी और सदस्य महिलाएं होंगी।