जम्मू। सीनियर मैन वनडे टूर्नामेंट के तहत रविवार को जम्मू और श्रीनगर में चार मुकाबले खेले गए। तीन टीमें जेकेसीए ए3, ए4 और बी1 ने अपने-अपने कप्तान के शानदार खेल प्रदर्शन के दम जीत हासिल की है। जेकेसीए ए3 के कप्तान अब्दुल समद ने 76 रन की पारी खेली और दो विकेट लिए। वहीं बी 1 के कप्तान परवेज रसूल ने चार विकेट लिए, जबकि 69 रन की पारी खेली। वहीं ए4 के कप्तान सुर्यांश रैना ने 122 रन की शतकीय पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई।
जीजीएम सांइस कॉलेज मैदान में जेकेसीए ए3 और ए5 के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें ए3 ने जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेकेसीए ए3 ने यावर आयुक की (112), कप्तान समद की (76) रन की पारी के दम पर तीन विकेट पर 312 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेकेसीए ए5 की टीम 245 रन ही बना सकी और उसे 67 रन से हार मिली। टीम के लिए हिनान मलिक ने 74 रन बनाए। ए3 के लिए निखिल ने पांच विकेट, जबकि कप्तान अब्दुल समद ने दो विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।
कंट्री क्रिकेट स्टेडियम घरोटा में जेकेसीए ए4 और जेकेसीए ए1 के बीच मुकाबला हुआ। इसमें जेकेसीए ए4 ने 150 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए ए4 ने कप्तान सुर्यांश रैना की 122 रन की शतकीय पारी के दम पर 266 रन बनाए। गेंदबाजी में जेकेसीए ए1 के लिए सुनील और आबिद मुश्ताक ने तीन- तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जेकेसीए ए1 की टीम 116 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में साबिल लोत्रा ने चार जबकि कुलविंद्र ने दो विकेट लिए।
वहीं शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जेकेसीए बी3 ने बी2 को हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बी2 ने 153 रन बनाए। बी3 के लिए ताहिर और कल्याण डोरजी ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य के जवाब में जेकेसीए बी3 ने आदिल ऋषि की 95 रन की पारी के दम पर 3 तीन विकेट से मुकाबला जीता। वहीं एक अन्य मुकाबला जेकेसीए बी1 ने बी5 को पांच विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बी5 ने 243 रन बनाए। बी1 के लिए गेंदबाजी में कप्तान परवेज रसूल ने चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बी1 ने पांच विकेट रहते मुकाबला अपने नाम किया। टीम के लिए कप्तान परवेज रसूल ने सर्वाधिक 69 रन की पारी खेेली और जीत हासिल की।