जम्मू। 30 जून से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा से पहले ही 700 मीटर की नई सुरंग को मई महीने में खोल दिया जाएगा। इसके लिए रामबन जिले में काम युद्ध स्तर पर जारी है। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी। वहीं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग व जम्मू-पठानकोट राजमार्ग को चकाचक बनाने में जुटा है।
श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान प्रदेश में श्रद्धालुओं द्वारा प्रयोग में लाए जाने वाले दो राष्ट्रीय राजमार्गों, जिसमे जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं के रखरखाव का जिम्मा एनएचएआई के पास है और सरकार ने प्राधिकरण को श्री अमरनाथ यात्रा शुरू होने तक राजमार्गों को बेहतर बनाने के दिशा निर्देश जारी किए हुए हैं।
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी रोहिन गुप्ता का कहना है कि श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों को बरसात के महीने में भूस्खलन की वजह से रामबन जिले में पंथेयाल के करीब रास्ता बंद होने की वजह से दिक्कत न आए, इसके लिए 700 मीटर की नई सुरंग को मई महीने में ही खोल दिया जाएगा।
इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग व जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से दुरुस्त बना दिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कोई समस्या का सामना न करना पड़े।