जम्मू। जम्मू और श्रीनगर एयरपोर्ट पर अब वीरवार से यात्रियों को पहली फ्लाइट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जम्मू से सुबह साढ़े सात बजे दिल्ली के लिए फ्लाइट मिलेगी, जबकि श्रीनगर से सात बजे पहली फ्लाइट दिल्ली के लिए होगी। गोएयर की ओर से ये सुविधा दी जा रही है। फ्लाइट नंबर जी8 जम्मू से सुबह साढे सात बजे उड़ान भरेगा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने जम्मू और श्रीनगर एयरपोर्ट पर गोएयर इंडिया के एक-एक विमान को ओवर नाइट पार्किंग की अनुमित दी है।
जम्मू एयरपोर्ट से सुबह पहली फ्लाइट 10:30 बजे जाती थी। ऐसे में सुबह दस बजे तक दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी थी। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने एएआई से विमान को ओवर नाइट लेंडिंग की अनुमित देने की मांग की थी। अब इसकी मंजूरी मिल गई है और 21 अप्रैल से शुरू हो रही है। गोएयर का विमान शाम साढ़े छह बजे दिल्ली से उड़ान भरेगा और जम्मू 8 बजे पहुंच जाएगा। इसके बाद विमान एयरपोर्ट पर ही पार्क हो सकेंगे, जो सुबह साढ़े सात बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा।