जम्मू। जम्मू-कश्मीर में दैनिक आधार पर कोविड संक्रमित मामलों में गिरावट जारी है। प्रदेश में शुक्रवार दूसरे दिन भी सौ से कम 95 नए संक्रमित मिले। इनमें छह जिलों में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला है। जम्मू कश्मीर में सक्रिय मामले घटकर 995 पहुंच गए हैं। पिछले कई दिन से किसी संक्रमित मरीज की मौत न होने से राहत है। सरकारी अस्पतालों के कोविड समर्पित बिस्तरों पर 0.74 फीसदी के हिसाब से सिर्फ 36 मरीज ही भर्ती हैं।
जिला जम्मू में 27 नए संक्रमित मरीज मिले। इसके अलावा जिला डोडा में 20, श्रीनगर में 18 मरीज मिले। जिला रियासी, किश्तवाड़, उधमपुर, शोपियां, गांदरबल और पुलवामा में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। जम्मू कश्मीर में कोविड से अब तक 4748 लोगों की मौत हो चुकी है।