जम्मू। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सावधान हो जाएं। अब लापरवाही से गाड़ी चलाना (रैश ड्राइविंग), सिग्नल तोड़ना, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार (ओवर स्पीड) वाहन चलाने पर चालान कटकर घर पहुंच जाएगा। यातायात पुलिस जल्द ही ऐसी व्यवस्था करने जा रही है। प्रदेश में मोबाइल ट्रैफिक व्हीकल लाए जा रहे हैं। जो जल्द ही सड़कों पर तैनात किए जाएंगे। इसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक को पता भी नहीं चलेगा कि कब उसका चालान कट गया और घर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार यह एक इनोवा कार होगी। इसमें एक ऐसा सिस्टम होगा, जो सीधा परिवहन विभाग की वाहन सेवा से जुड़ा होगा। इस कार के सामने से यदि कोई भी वाहन नियम तोड़ कर गुजरेगा तो इसमें लगा कैमरा वाहन का नंबर क्लिक करेगा। इसके क्लिक होते ही उक्त नंबर के वाहन की सारी जानकारी कंप्यूटर स्क्रीन पर होगी। कौन सा नियम तोड़ा गया, उसके आधार पर उसी समय चालान कटेगा और डाक के जरिए नियम तोड़ने वाले के घर पर पहुंच जाएगा। चालान का जुर्माना भरने के लिए एक तय समय होगा। यदि इस तय समय पर चालान नहीं भरा गया तो कार्रवाई होगी।
इस व्यवस्था को दिल्ली की तर्ज पर जम्मू-कश्मीर में लागू किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि हर एक जिले में ऐसी एक कार तैनात की जाएगी। यह मोबाइल ट्रैफिक व्हीकल पुलिस मुख्यालय पहुंच गए हैं। इनको संचालित करने के लिए एक ट्रैफिक कर्मी वाहन में मौजूद रहेगा, जो पूरे सिस्टम को संचालित करेगा। इन वाहनों का सबसे अधिक इस्तेमाल नेशनल हाइवे पर किया जाएगा। कठुआ, सांबा, राजोरी, पुंछ, उधमपुर आदि में इन वाहनों को हर रोज एक नई लोकेशन में तैनात किया जाएगा, ताकि हाइवे पर लापरवाही से गाड़ी चलाना (रैश ड्राइविंग), सिग्नल तोड़ना, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार (ओवर स्पीड) वाहन चलाने पर अंकुुश लगाया जा सके।
कोट
मोबाइल ट्रैफिक व्हीकल पहुंच गए हैं, लेकिन अभी इनको संचालित नहीं किया गया। जल्द ही इनको सड़कों पर उतारा जाएगा। राजोरी, पुंछ, कठुुआ और सांबा के लिए 4 वाहन दिए गए हैं।
-मोहन लाल कैथ, एसएसपी ट्रैफिक