जम्मू। सरकारी स्कूलों के साथ-साथ अब जम्मू संभाग के निजी स्कूलों का भी डाटाबेस तैयार होगा। निजी स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों की संख्या, बुनियादी ढांचा सहित अन्य प्रकार का डाटा तैयार किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने इसके लिए विशेष पहल शुरू की है, जिसके तहत सभी सरकारी और निजी स्कूलों के डाटाबेस को 7 अक्तूबर तक निदेशालय के आधारशिला ऑनलाइन निगारी पोर्टल पर अपडेट करना होगा।
डाटाबेस को तैयार करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने जम्मू संभाग में 148 जेडएनओ को तैनात किया है, जो आधारिशला पोर्टल पर डाटा को अपडेट करेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग पहली बार निजी स्कूलों का भी डाटाबेस तैयार कर रहा है। इस डाटाबेस का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में बच्चों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को तैयार करना है। सरकारी स्कूलों में तो बच्चों का दाखिला भी पोर्टल से हो सके गा। आधारशिला पोर्टल पर बच्चों और शिक्षकों की संख्या के अलावा, केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा छात्रों के लिए शुरू की छात्रवृत्ति योजनाओं की भी जानकारी उपलब्ध होगी। आधारिशला पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ. जगदीश राज पनोत्रा ने कहा कि आधारिशला पर हर महीने डाटा अपडेट होगा। डाटाबेस बनाने का उद्देश्य विभिन्न सरकारी एजेंसियों को उचित डाटा मुहैया करवाना है। उन्होंने कहा कि हमारे पास डाटा रहता है, लेकिन वह वर्ष पुराना होता है, लेकिन आधारशिला पर अब रियल टाइम डाटा उपलब्ध होगा, जो हर महीने अपडेट होगा।
---
जम्मू संभाग में हैं 12310 सरकारी स्कूल
जम्मू संभाग में 12310 सरकारी व 2952 निजी स्कूल हैं। सरकारी स्कूलों में 644279 और निजी में 537217 बच्चें नामांकित हैं।