जम्मू। प्रदेश में डेयरी क्षेत्र में विकास किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर से देश के अन्य राज्यों के अलावा विदेशों में भी दूध की आपूर्ति की जाएगी। यह बात शुक्रवार को किसान भवन तालाब तिल्लो में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव नवीन कुमार चौधरी ने कही। समारोह का आयोजन भारत में श्वेत क्रांति के जनक लेफ्टिनेंट डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर किया गया।
प्रमुख सचिव ने कहा कि दूध और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए डेयरी क्षेत्र में विकास किया जा रहा है। उन्होंने डेयरी संचालकों से घी, पनीर, कलारी जैसे मूल्य वर्धक उत्पादों में दूध के प्रसंस्करण का विकल्प चुनने का आह्वान किया। इन्हें बाहरी राज्यों और यहां तक कि उन देशों में निर्यात किया जा सकेगा, जहां इसकी भारी मांग है। नवीन चौधरी ने उत्पाद की शुद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। एकीकृत डेयरी विकास योजना के तहत उपलब्ध एयर-कार्गो सब्सिडी लाभ उठाने के लिए भी दुग्ध उत्पादकों को प्रेरित किया।
-----
किसान आय रेटिंग में जम्मू-कश्मीर तीसरे स्थान पर
जम्मू। नेशनल इंस्टीट्यूट ट्रांसफार्मिंग इंडिया (एनआईटीआई) आयोग के वार्षिक सर्वेक्षण में जेेएंडके ने किसानों की पारिवारिक आय के मामले में अखिल भारतीय रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया है। एक साल के भीतर कृषि और संबद्ध क्षेत्र की रैंकिंग में प्रदेश 22वें से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। यह बात पशु, भेड़ पालन एवं मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख सचिव नवीन कुमार चौधरी ने राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के समारोह में कही।