छात्र-छात्राएं (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
नई शिक्षा नीति के उद्देश्य को प्राप्त करने व स्कूलों में अकादमिक व सांस्कृतिक कैलेंडर और राष्ट्रीय पर्वों को प्रभावी ढंग से मनाने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू अपने सांस्कृतिक व शिक्षा सेल को मजबूत करने जा रहा है। जिला और जोन स्तर पर भी सेल खुलेगा। जिला स्तर पर पांच जबकि जोन स्तर पर दो अधिकारियों को नियुक्त किया जाएगा। यह सेल राष्ट्रीय अखंडता से जुड़े पर्व व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों को स्कूलों में प्रभावी ढंग से लागू करेेगा।
स्कूली बच्चों में बहुभाषा कला, संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय सांस्कृतिक और शिक्षा सेल को मजबूत कर रहा है। जिला और जोन स्तर पर बनने वाले सेल जिला और जोनल समन्वय समिति के साथ काम करेंगे और स्कूलों में सांस्कृतिक व अकादमिक कैलेंडर को प्रभावी रूप से लागू करेंगे। इससे पहले सिर्फ संभागीय स्तर पर यह सेल था। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला और जोनल शिक्षा अधिकारियों को 25 अगस्त तक अधिकारियों को नामांकित करने के लिए कहा है।
यह भी पढ़ें- सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा: भाजपा नेता कविंद्र गुप्ता बोले सभी आरोप झूठे, इस गांव का पता ही नहीं
इसके बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय का सेल जिला और जोन स्तर के नामांकित सदस्यों का साक्षात्कार करेगा। सेल स्कूलों में एक भारत श्रेष्ठ भारत, कला उत्सव, संविधान दिवस, शिक्षा दर्पण, माई कल्चर माई हैरिटेज सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। जोनल सेल अपनी मासिक रिपोर्ट जिला सेल को देगा, जबकि जिला सेल एक संयुक्त रिपोर्ट निदेशालय को भेजेगा।