कारण बताओ नोटिस जारी, संतोषजनक जवाब मिलने तक वेतन रोकने के आदेश। जम्मू-कश्मीर के सरकारी कार्यालयों में समय पालन जांचने के लिए पहली बड़ी कार्रवाई। जम्मू संभाग के सभी दस जिलों में सुबह 10.30 से दोपहर एक बजे तक जांच में जुटी रहीं टीमें।
जम्मू-कश्मीर के सरकारी विभागों में एक हजार से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है। दफ्तरों में समय पालन की जांच के लिए बनाई गईं कमेटियों के पहले बड़े निरीक्षण में जम्मू संभाग के 10 जिलों में मंगलवार 1177 कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। सुबह 10.30 से दोपहर एक बजे तक किए गए औचक निरीक्षण में संभाग में 41 कार्यालय बंद मिले। प्रशासन ने गैर हाजिर और जवाबदेह अमले को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
विज्ञापन
संतोषजनक जवाब मिलने तक सभी गैर हाजिर कर्मियों का वेतन रोक दिया गया है। उपराज्यपाल प्रशासन ने पिछले दिनों ही कमेटियों का गठन कर सरकारी विभागों में कार्य संस्कृति व समय पालन जांचने का आदेश जारी किया था। कार्यालयों के औचक निरीक्षण के लिए जिला स्तर पर अतिरिक्त जिला उपायुक्त, सहायक आयुक्त राजस्व, एसडीएम और तहसीलदारों के नेतृत्व में बनाई कमेटियां गठित की गईं। जम्मू संभाग के दस जिलों में मंगलवार को टीमें बनाकर औचक निरीक्षण किया गया।
घंटों चले निरीक्षण के दौरान जम्मू संभाग में 600 दफ्तरों की स्थिति जांची गई। इस दौरान सैकड़ों अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर से नदारद मिले। इन सभी कर्मचारियों से गैर हाजिरी पर जवाब मांगा गया है। निरीक्षण के दौरान कई दफ्तरों पर ताला लटका मिला। मंडलायुक्त जम्मू डॉ. राघव लंगर ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में गैरहाजिरी और समय पालन अनुशासन के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीमों ने संभाग स्तर पर निरीक्षण कर गैर हाजिर मिले कर्मियों को नोटिस जारी किए हैं।