प्रधानमंत्री आवास योजना की फाइल जारी करने के लिए मांगी थी राशि। एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को 50 हजार रुपये लेते पकड़ लिया। आरोपी के घर पर भी छापेमारी की गई।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने पंचायत सचिव को रिश्वत लेते पकड़ा है। बुधवार को एसीबी ने यह कार्रवाई पुंछ जिले के बफलियाज में की। यहां बफलियाज ब्लॉक की द्राबा पंचायत के पंचायत सचिव मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार किया गया। एसीबी को शिकायत मिली थी कि मोहम्मद शरीफ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति फाइल रिलीज करने का पांच हजार रुपये मांग रहा है।
विज्ञापन
आरोपी ने पंचायत के सरपंच से कहा कि वह लोगों से यह पैसा ले। सरपंच ने इसकी शिकायत एसीबी को की और बताया कि किस तरह से उसे यह सब कहा जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई।
इसमें पता चला कि आरोपी ने 10 लोगों की फाइल रिलीज करने के लिए 50 हजार रुपये मांगे हैं, क्योंकि इन लोगों के पैसे रोक दिए गए। एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को 50 हजार रुपये लेते पकड़ लिया। आरोपी के घर पर भी छापेमारी की गई। उसके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।