सीमावर्ती गांव मावा में वीरवार शाम को पाकिस्तानी ड्रोन घुस आया, जिसे बीएसएफ जवानों ने फायरिंग कर खदेड़ा। ड्रोन रिगाल गांव की सीमा से पाकिस्तान वापस लौट गया। रक्षा सूत्रों के अनुसार वीरवार शाम करीब साढ़े आठ बजे पाकिस्तानी ड्रोन सदोह गांव के रास्ते भारतीय सीमा मे घुसा और मावा गांव के ऊपर मंडराने लगा। हरकत में आई बीएसएफ की 173वीं वाहिनी के जवानों नें चार राउंड फायर किए। इसके बाद ड्रोन पाकिस्तान लौट गया।
स्थानीय युवाओं के अनुसार उन्होंने मावा पुलिस चौकी के ऊपर एक लाल लाइट को देखा था। कुछ देर के लिए ड्रोन एक जगह ठहरा रहा। बाद में रिगाल गांव की सीमा की ओर बढ़ गया। वहीं अरनिया सेक्टर के सीमावर्ती क्षेत्र कदोयाल में वीरवार शाम सवा आठ बजे ड्रोन जैसी चीज दिखने से सनसनी फैल गई। लोगों के अनुसार आसमान में लाल और हरी रोशनी वाली कोई चीज मंडरा रही थी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: अरनिया में दिखा ड्रोन, आसमान में लाल और हरी रोशनी दिखने से फैली सनसनी
लोग इसे ड्रोन ही बता रहे हैं, जो गांव कदोयाल से होता हुआ जबोयाल की तरफ चला गया। हालांकि बीएसएफ और अन्य एजेंसियां ड्रोन दिखने की बात से इनकार कर रही हैं। पता चला है कि लाल और हरी रोशनी वाली चीज एयरक्राफ्ट है और इसे बुधवार को भी बिश्नाह इलाके में देखा गया था। बताया जा रहा है कि इसे एयरफोर्स में हाल ही में शामिल किया गया है। इसका अभी ट्रायल चल रहा है।