जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए एक आतंकी को मार गिराया है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कुपवाड़ा में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए एक दहशतगर्द को मार गिराया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने कुछ हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।
घाटी में जैश के पाकिस्तानी सरगना समेत चार आतंकियों का सफाया, एक पकड़ा
इससे पहले, कश्मीर घाटी में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को रातभर चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के सरगना व पाकिस्तानी आतंकी समेत चार दहशतगर्दों का सफाया कर दिया। एक आतंकी को पकड़ने में कामयाबी मिली है। मारे गए आतंकियों से हथियार व असलहा मिला है।
आतंकियों की फायरिंग में पुलवामा में एक नागरिक भी घायल हुआ है। आईजी कश्मीर के अनुसार पुलवामा, कुपवाड़ा व गांदरबल में हुई मुठभेड़ में आतंक के मोर्चे पर यह बड़ी सफलता है।
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा के चेवाकलां गांव में रातभर चली मुठभेड़ में पाकिस्तानी आतंकी कमाल भाई उर्फ जट को मार गिराने में सफलता मिली। वह 2018 से पुलवामा व शोपियां इलाके में सक्रिय था। वह कई आतंकी वारदातों समेत नागरिकों के खिलाफ अत्याचार से जुड़े मामलों में शामिल था।