डीएफओ रियासी को सम्मानित करती हुई विद्घार्थी परिषद की सदस्य।
- फोटो : REASI
रियासी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिला लीगल सर्विसेज अथॉरिटी ने स्थानीय वैष्णो देवी बीएड कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया। अध्यक्ष आर एन वातल के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में सभी महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान उनके मौलिक अधिकारों के बारे में बताकर इनका लाभ उठाने को कहा। अथॉरिटी की सचिव राशि बडू तथा बार एसोसिएशन के सदस्यों ने घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को कानूनी जानकारी दी। पॉक्सो एक्ट के बारे में जानकारी देकर महिलाओं के लिए जारी विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। मौके पर एकीकृत बाल संरक्षण इकाई रियासी, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और महिला शक्ति केंद्र के सदस्य मौजूद रहे।
वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जिला मुख्यालय पर स्थित सरकारी कार्यालयों की महिला अधिकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान परिषद ने महिला अधिकारियों को मां दुर्गा और स्वामी विवेकानंद का चित्र भेंट किया। माड़ी स्थित जनरल जोरावर सिंह की छात्राओं ने महिला अधिकारियों के साथ कई मुद्दों पर बात भी की। इसके साथ छात्राओं ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
सलाल पावर स्टेशन ज्योतिपुरम में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। प्रोजेक्ट में काम करने वाली सभी महिला कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। सीएमडी ऐके सिंह ने अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। मौके पर कहा कि जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां हमेशा खुशहाली होती है। कार्यक्रम में 23 महिला कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।