घाटी के पुलवामा जिले में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के धमकी भरे पोस्टर शुक्रवार को एक बार फिर दिखे। इसमें ब्यूटी पार्लरों को बंद करने तथा अनैतिक गतिविधियों से दूर रहने को धमकाया गया है। हिज्ब के धमकी भरे पोस्टरों से नागरिकों में दहशत है।
पोस्टर में करीमाबाद, नेवाह, जादूरा, वाहीबग तथा कलान के लोगों को इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की धमकी दी गई है। पोस्टर पर हिज्ब के स्टांप तथा लोगो भी हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे पोस्टरों के मामले की जांच की जा रही है।
यह शरारती तत्वों का भी काम हो सकता है, लेकिन इसके पीछे हिज्ब आतंकियों का हाथ होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। पोस्टर ऐसे समय में दिखे हैं जब श्रीनगर में आतंकियों ने एक के बाद एक मोबाइल टावर तथा शोरूम पर सीरियल हमले किए।
1989 में कश्मीर में आतंकवाद का दौर शुरू होने पर भी आतंकी संगठनों तथा अलगाववादियों ने शराब की दुकानों, वीडियो पार्लर, सिनेमाघर, ब्यूटी पार्लरों को बंद करने की धमकी दी थी।