जम्मू जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या घट रही है। इसी के चलते अब सरकारी स्कूलों में ताला लगने लगा है। शिक्षा विभाग के पास इसकी पूरी जानकारी है, लेकिन अभी तक शिक्षा बंद पडे़ स्कूल को खुलवाने में कामयाबी हासिल नहीं कर पाया है। वहीं बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित अभिभावकों ने निजी स्कूलों में दाखिले का मन बनाना शुरू कर दिया है।
सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत करीब दो वर्ष से पूरे राज्य में बड़ा जागरूकता अभियान छेड़ रखा है। लगातार रैलियों का आयोजन करके लोगों को बताया जा रहा है कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता भरी शिक्षा प्रदान की जा रही है।
बच्चों को कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध की जा रही है, लेकिन जागरूकता अभियान के बावजूद सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के बजाए कम हो रही है। हालात यह बन गए हैं कि शिक्षा जोन भलवाल स्थित गर्ल्स प्राइमरी स्कूल कोट गढ़ी में दस महीने पहले ही ताला लग चुका है।