सांबा। मेडिकल लीव लेकर घरों में बैठे कर्मचारियों और अफसरों ने जल्द ड्यूटी ज्वाइन नहीं की तो उन्हें जबरन सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा। यह हिदायत वीरवार को प्रधान सचिव कौशल विकास अजगर हसन सामून ने आईटीआई सांबा के दौरे के दौरान जारी की। उन्होंने आईटीआई में 50.47 लाख से बनने वाली वर्कशॉप का नींव पत्थर रखा। साथ ही विद्यार्थियों से बातचीत कर शिक्षकों की समस्याओं को भी सुना।
प्रधान सचिव ने कहा की जो छात्र आईटीआई से प्रशिक्षण लेकर निकलेंगे, उन्हें रोजगार दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों को कारखाना प्रबंधन और एसोसिएशनों से भी संवाद करने के निर्देश दिए। इससे पहले प्रधान सचिव ने पॉलिटेक्निक कॉलेज का भी दौरा किया। कौशल विकास विभाग के निदेशक सुदर्शन कुमार, एडीडीसी तिलक राज, सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता भी मौजूद रहे।