जम्मू। डिग्याना में सोमवार को दो झुग्गियों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे अंदर रखे गैस सिलेंडर में भी धमाका हो गया। घटना में दोनों झुग्गियां जलकर राख हो गईं। दमकन वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई भी झुग्गियों में नहीं था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन झुग्गियों में रहने वालों का कहना है कि किसी ने साजिशन आग लगाई है। पीड़ितों का कहना है कि झुग्गियों में रखा हुआ टीवी, फ्रिज और 40 हजार रुपये की नकदी जल गई।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश निवासी दो भाई नंद राम और कालू राम अपने परिवार के साथ डिग्याना में रहते हैं। कालू राम के परिवार में पांच और नंद राम के परिवार में 6 सदस्य हैं। नंद राम का कहना है कि सोमवार सुबह दोनों भाई अपने परिवार के साथ काम के लिए बाहर गए थे। वे मजदूरी का काम करते हैं। दोपहर 12 बजे वे भोजन करने के लिए आए तो पता चला कि झुग्गियों में आग लग गई है। मौके पर दमकल वाहन और स्थानीय लोग थे।
आसपास के लोगों से पता चला कि उन्हें धमाके की आवाज सुनाई दी। आकर देखा तो झुग्गियाें के अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया था। अंदर रखा सारा सामान जल गया था। नंद राम ने बताया कि जब वे काम के लिए बाहर गए थे तो गैस सिलेंडर बंद करके गए थे। अंदर कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी नहीं रखा था। ऐसा लगता है कि किसी ने जानबूझ कर आग लगाई है।
झुग्गियों के ऊपर तारों का जाल
झुग्गियों के ऊपर बिजली के तारों का जाल है। आशंका है कि शार्ट सर्किट से झुग्गियों में आग लगी होगी। आग के संपर्क में आने से गैस सिलेंडर में धमाका हुआ होगा। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने का मामला दर्ज किया है।