रविवार सुबह साढ़े तीन बजे एक बार फिर आतंकियों ने गोलीबारी की। सुरक्षाबलों ने भी इसका कड़ा जवाब दिया, इस पर आतंकियों ने गोलीबारी बंद कर दी। सुबह पांच बजे फिर फायरिंग होने पर सुरक्षाबलों ने फिर गोलीबारी की। जवाब में सुरक्षाबलों ने इस बार रॉकेट लॉन्चर से रॉकेट और आरपीजी ग्रेनेड भी दागे। तीसरी बार 10 बजे और चौथी बार दोपहर दो बजे अंतिम गोलीबारी हुई। सुरक्षाबल इलाके को घेरे हुए हैं।
प्राकृतिक गुफा में छिपे हैं आतंकी
सूत्रों के अनुसार, तीन आतंकी मेंढर के गुरसाई थाना क्षेत्र के पठानातीर के जंगल में बनी एक प्राकृतिक गुफा में छिपे हुए हैं। इन आतंकियों का संबंध लश्कर-ए-तैयबा से बताया जा रहा है।
नुकनाली में धुंध का फायदा उठाकर जंगल में छिपे आतंकी
बनी तहसील के ढग्गर की ओर से नुकनाली और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। इलाके में घनी धुंध और जंगलों की ओट में छिपे आतंकियों की घेराबंदी कर ऑपरेशन आगे बढ़ाया है। सुरक्षाबलों की अतिरिक्त कुमुक भेजी गई है।
यह इलाका डोडा जिले की सीमा से नजदीक पड़ता है। इससे पहले इसी से सटे छत्रगलां टॉप क्षेत्र में आतंकियों ने जून महीने में सेना और पुलिस के संयुक्त कैंप पर देर रात हमला किया था। इसी सप्ताह कठुआ उधमपुर सीमा पर खांदरा टॉप पर दो आतंकी सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिए थे। जिले में पिछले कुछ महीने में पांचवीं बार आतंकियों का सुरक्षाबलों से आमना सामना हुआ है।